केंद्रीय मंत्री के घर कत्ल: दो दोस्तों ने पकड़े हाथ तीसरे ने माथे पर पिस्टल सटाकर मारी गोली

केंद्रीय मंत्री के घर कत्ल: दो दोस्तों ने पकड़े हाथ तीसरे ने माथे पर पिस्टल सटाकर मारी गोली

केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के ठाकुरगंज के फरीदीपुर स्थित नए आवास पर बृहस्पतिवार रात उनके बेटे विकास किशोर की लाइसेंसी पिस्टल से भाजपा कार्यकर्ता विनय श्रीवास्तव की हत्या कर दी गई। इससे पहले उसने दोस्तों के साथ देर रात तक पार्टी की। विनय के परिवारवालों ने बताया कि वह रोजाना सुबह 10-11 बजे घर से निकल जाता और देर रात तक विकास के साथ ही रहता था। वह उसका बेहद करीबी था। परिजन को जानकारी थी कि विनय बृहस्पतिवार रात को विकास के घर पर है और वहां चार-पांच लोग और हैं।

घटना की जानकारी पर पहले परिजन और फिर पुलिस पहुंची। पता चला कि छत पर गमले में विनय की घड़ी पड़ी है। शर्ट फटी थी और खरोंचों के भी निशान हैं। ऐसे में आशंका है कि अन्य लोगों ने विनय पर हमला किया। शव के पास उसकी राखी भी पड़ी थी। शव को पर्दे से ढक दिया गया था।

तकिये के नीचे छिपा दी थी पिस्टल

वारदात के बाद आरोपियों ने बेड पर तकिये के नीचे पिस्टल को छिपा दिया। फोरेंसिक टीम ने पड़ताल शुरू की तो घटनास्थल से एक खोखा मिला। पूरे कमरे में खोजबीन की गई तो बेड पर तकिये के नीचे से पिस्टल मिली। पूछताछ में अजय ने बताया कि अंकित व शमीम के कहने पर उसने पिस्टल छिपाई थी।